भारत, अफ्रीका सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए एकजुट हों : मोदी

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) जैसे अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों में सुधार के लिए दोनों देशों को एक-दूसरे का साथ देना चाहिए।

मोदी ने यहां शिखर सम्मेलन के अंतिम दिन कहा कि अंतर्राष्ट्रीय संस्थान यदि भारत एवं अफ्रीका को जगह नहीं देते हैं तो ये सही मायने में पूरी दुनिया के प्रतिनिधि नहीं हो सकते।

उन्होंने कहा, “दुनिया तेजी से राजनीतिक, आर्थिक, प्रौद्योगिकी एवं सुरक्षा संदर्भो में आगे बढ़ रही है। आगे बढ़ने की यह रफ्तार इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई। ऐसे में भी वैश्विक संस्थान सदी की उन परिस्थतियों को दर्शाते हैं, जिन्हें हमने पीछे छोड़ दिया है; न कि उस परिस्थिति को जिसमें आज हम हैं।”

उन्होंने कहा, “यह एक स्वतंत्र देशों और जागृत आकांक्षाओं का संसार है। यदि हमारे वैश्विक संस्थान संयुक्त राष्ट्र के एक चौथाई से भी ज्यादा सदस्यों वाले अफ्रीका या दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र (भारत) को प्रतिनिधित्व नहीं देते हैं, जहां दुनिया की कुल आबादी का छठा हिस्सा बसता है तो वे सही मायने में हमारी दुनिया का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “इसलिए भारत और अफ्रीका को सुरक्षा परिषद सहित संयुक्त राष्ट्र में अन्य सुधारों के लिए भी एकजुट होना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493