प्रधानमंत्री राजपथ पर ‘एकता दौड़’ को हरी झंडी दिखाएंगे

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राजपथ पर एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाएंगे। सरकार ने पटेल की जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मोदी सुबह लगभग 8.15 बजे विजय चौक के लॉन से ‘एकता के लिए दौड़’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

मोदी इसके पहले ‘एकता के लिए दौड़’ हेतु राजपथ पर उपस्थिति जन समुदाय को संबोधित करेंगे। वह इस मौके पर एकत्रित लोगों को एकता की शपथ दिलाएंगे।

बयान के अनुसार, इस दौड़ में भागीदारी स्वैच्छिक है और ‘एकता के लिए दौड़’ में स्कूली बच्चों एवं खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

इसके पहले मोदी सुबह 7.30 बजे नई दिल्ली में संसद मार्ग पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

राष्ट्रीय एकता दिवस से पहले शुक्रवार को नई दिल्ली में भारत सरकार के कई कार्यालयों में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इस तरह के समारोह राज्यों और विदेश में भी आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर केंद्रीय मंत्री भी इन समारोहों में भाग ले रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493