लॉस एंजेलिस, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी अभिनेत्री और फिल्म निर्माता रीज विदरस्पून को यहां हयात रीजेंसी सेंचुरी प्लाजा में अभिनेता मैथ्यू मैक्कोनॉघे के हाथों ‘अमेरिकन सिनेमाथेक अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
हॉलीवुडरिपोर्टर डॉट कॉम की रपट के मुताबिक, रीज के सह-कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और दोस्तों ने शुक्रवार को मंच पर उनके कॅरियर, कौशल, निस्वार्थ स्वभाव और अन्य उपल्बिधयों के बारे में चर्चा की।
मंच पर पुरस्कार ग्रहण करने आईं रीज ने कहा, “यह संपूर्ण अनुभव बेहद अद्भुत और अविश्वसनीय है, क्योंकि मैं केवल नेशविले की एक ऐसी लड़की हूं, जिसका एक बड़ा सपना था।”
39 वर्षीया अभिनेत्री को कैमरे के सामने ही नहीं, पीछे भी काफी सराहना मिली है। जेनिफर गार्नर, जेनिफर एनिस्टोन, केट हडसन, अलेक्जेंडर पायने, टी बोन बर्नेट और लौरा डर्न ने मंच पर आकर अपनी दोस्त और सहकर्मी के बारे में यादें साझा कीं।
‘मड’ में रीज के साथ काम कर चुके मैक्कोनॉघे ने ‘लीगली ब्लॉन्ड’, ‘इलैक्शन’, ‘वाइल्ड’ और ‘वॉक इन लाइन’ में रीज के काम की ओर इशारा करते हुए कहा, “जिन किरदारों को लेकर तुम सबसे ज्यादा उत्साहित थी, उनकी आज गूंज है।”
dharmpath.com dharmpath