दुष्कर्मी को फांसी हो : शिवराज

भोपाल, 1 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं को छेड़छाड़ और उत्पीड़न से बचाने, उनके जीवन को सुरक्षित बनाने और दुष्कर्म की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दुष्कर्मी को फांसी की सजा दिए जाने की पैरवी की है।

राजधानी भोपाल में आम लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के मकसद से बनी ‘डॉयल 100 योजना’ की शुरुआत करते हुए चौहान ने रविवार को कहा कि “हमारे समाज में मां, महिला और बेटी देवी है, उसकी पूजा होती है, मगर उनके साथ दुर्व्यवहार होता है जो अंदर तक हिला देता है। इसलिए दुष्कर्मियों को फांसी के फंदे पर लटकाया जाना चाहिए, मगर इसके लिए कानून में बदलाव करना होगा। इस स्थिति में मध्य प्रदेश पुलिस को इस तरह की कोशिश करनी होगी कि महिला अपराध में कमी आए।”

चौहान ने कहा कि ‘डॉयल 100 योजना’ के शुरू होने से आम पीड़ित को महज फोन करते ही पांच मिनट में पुलिस की सुविधा मिल सकेगी। इससे अपराधी न केवल पकड़े जाएंगे, बल्कि अपराधों पर अंकुश लगेगा। इसके साथ ही लोगों में सुरक्षा का भाव बढ़ेगा।

चौहान ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्योरा देते हुए कहा कि जब वह सत्ता में आए थे, उस समय राज्य मे कई डकैत गिरोह थे, तब उन्होंने पुलिस से कह दिया था कि “शिवराज अथवा डकैत कोई एक रहेगा, दोनों नहीं रह सकते।” पुलिस ने अभियान चलाया और आज प्रदेश में एक भी डकैत गिरोह नहीं है।

उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं नक्सल समस्या को बढ़ने नहीं दिया गया, आतंकी संगठन सिमी का खात्मा कर दिया है। यह सब पुलिस की सक्रियता के चलते हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493