हरियाणा में कोई सरकारी नियंत्रण नहीं : बादल

रोहतक हरियाणा, 1 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने रविवार को राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को यह कहते हुए आड़े हाथों लिया कि ‘पिछले 11 वर्षो में हरियाणा में कोई सरकारी नियंत्रण नहीं रहा है।’

बादल यहां एक रैली को संबोधित कर रहे थे, जिसे विपक्षी इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) ने पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल की याद में आयोजित किया था।

उप मुख्यमंत्री ने अपने बयान में हरियाणा में कांग्रेस के दशक लंबे शासन और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई में भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल पर तंज कसा।

बादल का शिरोमणि अकाली दल 2007 के बाद से पंजाब में भाजपा के साथ सत्ता का भागीदार है। उनकी पार्टी ने 2014 में इनेलो के साथ गठबंधन में हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ा था।

बादल ने कहा, “हरियाणा में बीते 11 वर्षो में कोई सरकार नहीं रही है। हम जब पंजाब से हरियाणा में दाखिल होते हैं, तो हमें टूटी सड़कें, बदहाल गांव, बिजली की अनुपस्थिति और किसानों का उत्पीड़न दिखता है।”

बादल ने रैली से मुखातिब होते हुए कहा, “क्या आपने कभी अपने गांवों में कोई मुख्यमंत्री देखा है? क्या बीते 11 सालों में आपने (किसानों) अपने अनाज बाजार में किसी मुख्यमंत्री को देखा है? बीते 11 वर्षो में हरियाणा के मुख्यमंत्री सिर्फ गुड़गांव और नई दिल्ली में रहे हैं।”

वहीं, इनेलो नेता अभय चौटाला ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में और हरियाणा में भाजपा सरकारें सभी मोचरे पर नाकाम रही हैं।

अभय चौटाला ने कहा, “प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री विदेशों की यात्रा में व्यस्त हैं और किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493