अगरतला, 2 नवंबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा में एक व्यक्ति ने अपनी बीमार बुजुर्ग मां की हत्या कर दी, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या की इन वारदातों को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने स्वयं भी खुदकुशी कर ली।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 51 वर्षीय सरकारी अधिकारी जयदीप चक्रवर्ती ने अपनी मां ज्योत्सना चक्रवर्ती (70) की गला घोंटकर हत्या कर दी, जो 21 साल पहले हुई एक दुर्घटना के बाद चलने-फिरने में लाचार हो गई थीं और अपनी स्मृति खो चुकी थीं।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि चक्रवर्ती मां की देखभाल को लेकर हमेशा पत्नी से झगड़ता रहता था। उन्होंने बताया कि अगरतला के बाहरी इलाके बदरघाट में मां की गला घोंटकर हत्या करने के बाद चक्रवर्ती ने उसी कमरे में खुदकुशी कर ली।
एक अन्य घटना में पश्चिमी त्रिपुरा के फटिकचेरा में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के शिविर में जवान सुरिंदर मत्ती (27) ने अपनी पत्नी खुशी देबनाथ (24) की अपने सर्विस रायफल से गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने कहा कि हत्या का कारण पारिवारिक कलह हो सकता है। हमलावर की पहली पत्नी असम में रहती है।
dharmpath.com dharmpath