लंदन, 2 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब लीवरपूल के नवनियुक्त मैनेजर जुर्गेन क्लॉप ने जोर देकर कहा है कि उनका मौजूदा लीवरपूल टीम में कोई बड़ा फेरबदल करने का कोई इरादा नहीं है।
जुर्गेन को ब्रेंडन रोजर्स की जगह लीवरपूल का कोच नियुक्त किया गया है।
क्लॉप के लीवरपूल से जुड़ने से पहले क्लब इंग्लिश प्रीमियर लीग की अंकतालिका में 10वें पायदान पर था।
क्लॉप के टीम से जुड़ने के साथ ही लीवरपूल ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शनिवार को घरेलू मैदान पर चेल्सी को 3-1 से हराया।
इस जीत के बाद लीवरपूल अंकतालिका में आठवें पायदान पर पहुंच गया।
समाचार पत्र ‘डेली स्टार’ ने सोमवार को क्लॉप के हवाले से कहा, “मैं यहां तीन सप्ताह से हूं, लेकिन सभी कह रहे हैं कि मैं अमुक, अमुक या अमुक खिलाड़ी को टीम में शामिल करना चाहता हूं। लेकिन विकास उसे कहते हैं जब आप मौजूदा खिलाड़ियों के साथ ही काम करते हैं।”
क्लॉप ने कहा, “यह तो ऐसी बात हुई कि आपको यदि अपनी पत्नी से कोई परेशानी है तो आप हर रोज तो पत्नी बदलते नहीं रहेंगे।”
जर्मनी के क्लॉप क्लब के ब्राजीलियाई खिलाड़ी फिलिप कोटिन्हो से खासे प्रभावित हैं। कोटिन्हो के दो गोलों की बदौलत ही लीवरपूल ने चेल्सी को मात दी।
dharmpath.com dharmpath