नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। लोकप्रिय बॉलीवुड संगीतकार शंकर महादेवन अपने गीतों से दिल्ली के प्रशंसकों का मनोरंजन करने आ रहे हैं।
महादेवन शुक्रवार को यहां आयोजित ‘शंकर महादेवन नाइट’ में प्रस्तुति देंगे।
एक बयान में कहा गया है कि इस कार्यक्रम का आयोजन शंकर महादेवन अकादमी और अलाभकारी संगठन ‘विद्या’ के सहयोग से फिक्की ऑडिटोरियम में किया जा रहा है।
‘विद्या’ जरूरतमंद लोगों को शिक्षा देने और सशक्त बनाने में मदद करती है।
इस कार्यक्रम में शंकर अपने सहयोगियों एहसान नूरानी और लॉय मेंडोंसा के साथ प्रस्तुति देंगे।
पिछले महीने दिल्ली के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में शंकर-एहसान-लॉय का कांसर्ट का आयोजन किया जाना था, लेकिन सुरक्षा कारणों और एक छात्र के चोटिल होने के कारण इसे रद्द कर दिया गया।
शंकर का आगामी कार्यक्रम का आयोजन ‘विद्या’ के 30 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भी किया जा रहा है। शंकर ने इस संगठन के करीब 600 बच्चों को प्रशिक्षित किया है, जो उनके साथ इस कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे।
dharmpath.com dharmpath