बिहार चुनाव : चुनावी जंग खत्म, एग्जिट पोल के नतीजे जुदा-जुदा (राउंडअप)

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। पांचवें चरण के मतदान के साथ गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया और मतदान के बाद किए गए सर्वेक्षणों के आधार पर जहां कई एजेंसियां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन को सर्वाधिक सीटें मिलने की संभावना व्यक्त कर रही हैं, वहीं न्यूज 24-टुडेज चाणक्या के सर्वे में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भारी बहुमत मिलने की संभावना जताई गई है।

कुल नौ एजेंसियों ने एग्जिट पोल सर्वे जारी किए हैं, जिनमें से तीन एजेंसियों ने राजग को स्पष्ट बहुमत मिलने की बात कही है और पांच एजेंसियों ने महागठबंधन को मामूली अंतर से या स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना जताई है।

एग्जिट पोल के अनुमानों में अभी भले असमानता है, लेकिन राजग और महागठबंधन दल के नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों को बहुमत मिलने का दावा किया है।

भाजपा के प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा, “हमें स्पष्ट बहुमत मिलने की पूरी उम्मीद है। एग्जिट पोल में हमें भले मुकाबला कांटे का बताया जा रहा हो, मैं जल्दबाजी में कुछ नहीं कहने वाला।”

महागठबंधन के प्रमुख घटक दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद ने 190 सीटों पर जीत मिलने का दावा किया है।

लालू ने कहा, “बिहार की सभी पिछड़ी जनता ने हमें वोट दिया है। इसके लिए हम उन्हें सलाम करते हैं।”

हालांकि लालू के दावों के विपरीत किसी भी एग्जिट पोल में महागठबंधन को इतनी बड़ी जीत की संभावना नहीं जताई है।

चाणक्या के सर्वे के मुताबिक, 243 सीटों वाले बिहार विधानसभा में राजग को 155 सीटें मिल सकती हैं।

महागठबंधन को 83 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, वहीं अन्य दलों के पाले में पांच सीटें जा सकती हैं।

इसके विपरीत न्यूज एक्स के सर्वे में भाजपा नीत राजग को मात्र 95 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं अन्य सर्वेक्षणों में करीबी टक्कर की संभावना जताई गई है।

टाइम्स नाउ और सी-वोटर के एक्जिट पोल में महागठबंधन को 112 से 132 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है, जबकि 243 सीटों वाले बिहार विधानसभा में राजग को 101 से 121 सीटें मिल सकती हैं।

हर तरह की संभावनाओं को मिलाकर महागठबंधन को आधे के लगभग यानी 122 सीटें, जबकि राजग को 111 सीटें मिल सकती हैं।

इंडिया टुडे और सिसेरो के एक्जिट पोल के मुताबिक, राजग को 120 सीटें मिल सकती हैं, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले महागठबंधन को 117 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की गई है।

मतदान बाद किए गए सर्वेक्षण में भाजपा गठबंधन को 113 से 127 सीटें मिल सकती हैं, जबकि महागठबंधन को 111 से 123 सीटें मिलने की संभावना है।

एबीपी न्यूज के एक्जिट पोल के मुताबिक, राजग को 108 सीटें मिलती नजर आ रही हैं, जबकि महागठबंधन 130 सीटें जीत सकता है।

न्यूज नेशन ने राजग को 115 से 119 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है, जबकि महागठबंधन 120 से 124 सीटें जीत सकता है।

दैनिक जागरण के सर्वे के मुताबिक, राजग 130 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत पा सकती है, जबकि महागठबंधन के 97 सीटों पर सिमटने की संभावना जताई गई है।

एग्जिट पोल के नतीजे जारी होने से पहले ही जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता के.सी. त्यागी ने आईएएनएस से कहा कि महागठबंधन को पूर्ण बहुमत मिलने का पूरा भरोसा है।

हालांकि अब तक भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार ने चुनाव के संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है।

243 सीटों वाले बिहार विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरूरत है, जो किसी भी दल को मिलता नजर नहीं आ रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493