डबलिन, 5 नवंबर (आईएएनएस)। हाल ही में पेशेवर मुक्केबाजी में विजयी पदार्पण करने वाले भारत के स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने उम्मीद जताई है कि इसी सप्ताहांत पर आयरलैंड में होने वाला उनका दूसरा पेशेवर मुकाबला काफी रोमांचक होगा।
विजेंदर शनिवार को इंग्लैंड के मुक्केबाज डीन गिलेन का सामना करेंगे।
अपने ट्रेनर ली बीयर्ड के साथ गुरुवार को आयरलैंड पहुंचे विजेंदर चार राउंड के इस मिडिलवेट स्पर्धा के प्रारंभिक चरण में गिलेन का सामना करेंगे, जिसमें आयरलैंड के स्टार मुक्केबाज जैमी कोनलान और आक्रामक मुक्केबाज जैमी कॉक्स भी खेलेंगे। कॉक्स अपने डब्ल्यूबीओ यूरोपीयन सुपर मिडिलवेट खिताब का बचाव करने उतरेंगे।
गैर पेशेवर मुक्केबाजी में ओलम्पिक पदक विजेता विजेंदर ने पिछले महीने पेशेवर मुक्केबाजी का पदार्पण करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी सोनी व्हाइटिंग को तीन राउंड में ही धराशायी कर दिया था।
शनिवार के मुकाबले से पहले विजेंदर ने कहा, “मुझे डबलिन में काफी प्रोत्साहन मिल रहा है और इस शहर ने जैसे मुझे पूरी तरह अपना लिया है। मैं शनिवार के मुकाबले को लेकर बेताब हूं ताकि यहां अपने प्रशसंकों को एक रोमांचक मुक्केबाजी दिखा सकूं।”
विजेंदर ने कहा, “इससे पहले एक बार लंदन ओलम्पिक-2012 के बाद मेरा करियर लगभग खत्म हो चुका था और तब मैंने आयरलैंड की मुक्केबाज टीम के साथ अभ्यास किया था और तब से मेरा मुक्केबाजी करियर नई राह पर चल पड़ा। इसलिए यहां लौटकर फिर से मुकाबला करना शानदार होगा। मैं दिखाऊंगा कि मैं क्या कर सकता हूं।”
dharmpath.com dharmpath