मप्र : शौचालय बना, सीमा लौट आई ससुराल

बैतूल, 5 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक दलित महिला सीमा पटेल की ससुराल में शौचालय बनाने की जिद आखिरकार रंग ले आई। शौचालय बनने के बाद ही वह गुरुवार को ससुराल लौटी। गांव पहुंचने पर उसका जोरदार स्वागत किया गया।

ससुराल में शौचालय न होने पर सीमा पटेल पति का घर छोड़कर मायके चली गई थी। उसने ऐलान कर दिया था कि जब तक शौचालय नहीं बनेगा, वह ससुराल नहीं लौटेगी। यह मामला परिवार परामर्श तक पहुंचा और प्रशासन के प्रयासों से सीमा के ससुराल में शौचालय बन गया। शौचालय बनने पर गुरुवार को सीमा अपनी ससुराल लौट आई और उसका जोरदार स्वागत कर अगवानी की गई।

ज्ञात हो कि ससुराल में शौचालय न होने पर सीमा पटेल ने परिवार परामर्श केंद्र शाहपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर केंद्र ने उल्लेखनीय पहल की थी, जिससे ससुराल में शौचालय बन गया और इसीलिए गुरुवार को सीमा पटेल (22) अपने परिजनों के साथ परिवार परामर्श केंद्र पहुंची। यहां पर उसका स्वागत किया गया और दोनों परिवारों को मिलाया। इसके बाद सरपंच मंगीताबाई उइके दोनों परिवारों को लेकर पंचायत भवन पहुंची, जहां समारोह का आयोजन किया गया।

ग्राम पंचायत भवन में सरपंच मंगीताबाई और परिवार परामर्श केंद्र में वहां की सदस्यों ने तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद दंपति को गाजे-बाजे के साथ सैकड़ों नागरिक ससुराल लेकर पहुंचे, जहां विधि विधान और रीति रिवाजों के साथ बहू का गृह प्रवेश कराया गया।

जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर बी. पाटिल ने कहा कि दलित महिला सीमा पटेल ने स्वच्छता की दिशा में अभूतपूर्व साहस दिखाया है। उसने जो कदम उठाया है उसकी कल्पना नहीं की जा सकती। पाटिल ने कहा कि सीमा पटेल द्वारा किए गए इस अतुलनीय कार्य के लिए उसे जिले का ‘स्वच्छता दूत’ बनाया जाएगा।

ज्ञात हो कि बैतूल जिले के शाहपुर ब्लाक मुख्यालय पर स्थित पतौवापुरा मोहल्ला निवासी मोहन पटेल का विवाह इटारसी निवासी सीमा पटेल से हुआ था, लेकिन ससुराल में शौचालय नहीं होने से सीमा पटेल कुछ महीनों तक ससुराल में रहने के बाद रूठकर मायके चली गई थी। मामला परिवार परामर्श केंद्र में आया, जहां मोहन पटेल को शौचालय निर्माण करने के निर्देश दिए गए थे।

आर्थिक रूप से कमजोर मोहन पटेल के पास इतने रुपये नहीं थे कि वह शौचालय का निर्माण करा सके। अंतत: ग्राम पंचायत शाहपुर की सरपंच ने इस मामले में पहल करते हुए स्वयं के खर्च पर शौचालय का निर्माण करा दिया।

शाहपुर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एम.एल. विजयवर्गीय ने कहा कि स्वच्छता के लिए सीमा पटेल ने 20 माह तक ससुराल से दूर रहकर जो कुर्बानी दी, वह सराहनीय है। यह भी महत्वपूर्ण है कि परिवार परामर्श केंद्र ने परिवारों को जोड़ने में सहयोगी की भूमिका निभाई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493