छोटा राजन शुक्रवार को आएगा भारत, मामला सीबीआई के हवाले (लीड-1)

मुंबई/नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। माफिया डान राजेंद्र निखालजे उर्फ छोटा राजन को शुक्रवार को इंडोनेशिया से भारत लाया जाएगा। उससे संबंधित सभी मामलों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) करेगा।

महाराष्ट्र के अतिरिक्त मुख्य सचिव के.पी.बख्शी ने संवाददाताओं को बताया कि छोटा राजन को कड़ी सुरक्षा में बाली हवाईअड्डे पर लाया गया। उसकी उड़ान शुक्रवार तड़के चार बजे भारत पहुंचेगी।

बाली से गुरुवार रात को सीबीआई और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों के साथ एक विशेष विमान से छोटा राजन भारत के लिए रवाना हुआ।

उन्होंने आश्चर्य में डालने वाली एक जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि छोटा राजन के खिलाफ सभी मामलों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) करेगा। छोटा राजन को सीबीआई को सौंप दिया जाएगा।

मुंबई के पुलिस प्रमुख अहमद जावेद ने कहा कि छोटा राजन हत्या, अपहरण, अवैध वसूली और हथियारों के सौदे के 70 से 75 मामलों में वांछित है।

मुंबई के प्रेस क्लब में एक कार्यक्रम में जावेद ने कहा कि पुलिस पत्रकार ज्योतिर्मय डे की हत्या के मामले को प्राथमिकता देगी।

बाली से भारत रवाना होने से पहले राजन ने टाइम्स नाऊ चैनल से कहा कि डे की हत्या में उसका कोई हाथ नहीं है।

छोटा राजन ने कहा कि वह भारत, अपनी मातृभूमि लौटने से खुश है। उसने कहा कि उसने कभी भी मुंबई ले जाए जाने से मना नहीं किया।

उसने यह नहीं बताया कि वह भारतीय अधिकारियों की किस तरह मदद करेगा, लेकिन साफ कर दिया कि वह दाऊद इब्राहिम का विरोध जारी रखेगा।

सीबीआई के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि छोटा राजन की पहले की मांग कि उसे दिल्ली ले जाया जाए मुंबई नहीं और कुछ अन्य वजहों से सरकार ने उसे दिल्ली लाने का फैसला किया।

नाम न जाहिर करने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि छोटा राजन को दो दिन सीबीआई हिरासत में रखने के बाद दिल्ली या मुंबई पुलिस को सौंप दिया जाएगा।

दिल्ली में छोटा राजन के खिलाफ छह मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने पहले ही गृह मंत्रालय से छोटा राजन से पूछताछ की अनुमति मांगी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493