मेघालय : गारो आतंकवादियों ने पुलिसकर्मी, व्यापारी का अपहरण किया

शिलांग, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मेघालय के गारो हिल्स क्षेत्र में गारो नेशनल लिबरेशन आर्मी (जीएनएलए) के उग्रवादियों ने शुक्रवार को एक पुलिसकर्मी और एक व्यापारी का अपहरण कर लिया है।

पुलिस महानिरीक्षक (पश्चिमी रेंज) एफ.डी.संगमा ने कहा, “उत्तर गारो हिल्स जिले मे मेंडीपाथर-सोंगसक मार्ग पर डोबिमा से भारी हथियारों से लैस जीएनएलए के उग्रवादियों ने हवलदार खोमराज भट्टाराई और एक अज्ञात व्यापारी का अपहरण कर लिया।”

संगमा ने आईएएनएस से कहा, “जीएनएलए उग्रवादियों के समूह ने मेंडीपाथर इलाके से पूर्वी गारो हिल्स के जिला मुख्यालय विलियमनगर जा रहे वाहन को रोका और दोनों का अपहरण कर लिया।”

उग्रवादियों ने अन्य यात्रियों और वाहन चालक को छोड़ दिया।

संगमा ने कहा कि अपहरण का मकसद फिरौती है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “दोनों को बचाने के लिए तलाशी अभियान जारी है, लेकिन अभी तक उनके ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है।”

मेघालय उच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया है कि गारो हिल्स में सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम के इस्तेमाल और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए अर्धसैनिक बलों की तैनाती पर विचार किया जाए।

जीएनएलए पश्चिमी मेघालय में गारो हिल्स के पांच जिलों को मिलाकर एक अलग गोरखालैंड बनाने की लड़ाई लड़ रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493