टोरंटो, 8 नवंबर (आईएएनएस)। कनाडा के एक मंत्री ने उस भारतवंशी कनाडाई पशु चिकित्सक के खिलाफ भेदभाव की निंदा की है, जिन्होंने हाल में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में वेटनरी मेडिकल एसोसिएशन के खिलाफ मानवाधिकार का एक दशक लंबा मुकदमा जीता है।
समाचार पत्र लिंक की शनिवार की एक रपट के मुताबिक, ब्रिटिश कोलंबिया के कृषि मंत्री तथा ब्रिटिश कोलंबिया में वेटनरी मेडिकल एसोसिएशन के तहत कॉलेज ऑफ वेटनरी ऑफ बीसी (सीवीबीसी) के इंचार्ज नॉर्म लेटनिक ने शुक्रवार को कॉलेज के शीर्ष अधिकारियों की आलोचना की और ब्रिटिश कोलंबिया मानवाधिकार न्यायाधिकरण के फैसले को स्वीकार करने के लिए कहा।
रपट के मुताबिक, लेटनिक ने यह टिप्पणी तब की जब संसद में न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद हैरी बेंस ने सीवीबीसी द्वारा नस्लवादी कार्रवाई को प्रकाश में लाया था।
लेटनिक ने एक साक्षात्कार में एक समाचार पत्र से कहा, “कॉलेज द्वारा भारतवंशी कनाडाई पशु चिकित्सक के खिलाफ नस्लीय भेदभाव के आरोपों का विवरण जानकर मुझे दुख हुआ। हमारे प्रांत में नस्लवाद या भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है और मुझे आशा है कि ब्रिटिश कोलंबिया में सभी संगठन प्रांत के समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath