नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पहले की ही तरह इस बार भी चुनाव नतीजों के पूर्वानुमान के लिए किए गए कुछ एग्जिट पोल गलत साबित हुए। इनमें बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन (राजग) की जीत की बात कही गई थी। केवल एक्सिस एड-प्रिंट-मीडिया (इंडिया) का एग्जिट पोल सटीक साबित हुआ है।
टुडेज चाणक्या ने तो इस ‘गलती’ के लिए बकायदा माफी मांगी है। टुडेज चाणक्य ने कहा था कि राजग को 155 सीट पर जीत मिलेगी और महागठबंधन को 83 सीटें मिलेंगी।
टुडेज चाणक्या ने एक ट्वीट में कहा है, “हम बिहार चुनाव नतीजों के बारे में सही अनुमान नहीं लगा पाने के लिए मित्रों और शुभेच्छुओं से माफी मांगते हैं। विजयी महागठबंधन को बधाई।”
एक्सिस एड-प्रिंट-मीडिया (इंडिया) लिमिटेड का इकलौता ऐसा एग्जिट पोल है जिसने कहा था कि राजग को 58 से 70 सीट मिल सकती हैं और महागठबंधन को 169 से 183 सीट पर जीत मिल सकती है।
टीवी न्यूज चैनल एनडीटीवी के एग्जिट पोल में राजग को 120-130 सीट दी गई थीं। महागठबंधन को 10-115 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था।
दैनिक जागरण के सर्वे ने राजग को 130 और महागठबंधन को 97 सीटें दी थीं।
एबीपी न्यूज-नीलसन के एग्जिट पोल में राजग को 130 और महागठबंधन को 108 सीटें दी गई थीं।
इंडिया टुडे-सिसेरो ने राजग को 120 और महागठबंधन को 117 सीटें मिलने का अनुमान जताया था।
आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और चुनाव विश्लेषक योगेंद्र यादव और कुछ अन्य चुनाव सर्वेक्षण एजेंसियों ने नीतीश-लालू के महागठबंधन को बहुमत मिलने की संभावना जताई थी।
यादव ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा था, “मुझे लग रहा है कि महागठबंधन एक स्पष्ट और बड़े बहुमत की ओर बढ़ रहा है। अगर मेरा अध्ययन सही है तो यह बहुमत सर्वाधिक 130 सीटों के अनुमान से कहीं आगे हो सकता है।”
इसी तरह टाइम्स नाऊ-सी वोटर ने राजग को 111 और महागठबंधन को 122 सीटों पर जीत दी थी। न्यूज नेशन ने राजग के लिए 117 और महागठबंधन के लिए 122 और न्यूजएक्स/सीएनएक्स ने राजग को 95 और महागठबंधन के लिए 135 सीटों का अनुमान जताया था।