पटना, 9 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने यहां सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी बिहार चुनाव में विकास का नारा लेकर आए थे, परंतु वह देश को विनाश की ओर मोड़ रहे थे।
बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की ऐतिहासिक जीत के एक दिन बाद लालू ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “बिहार चुनाव के नतीजों से देश को राहत मिली है। मोदी अच्छे दिन लाने का वादा करके सत्ता में आए थे, लेकिन वह बुरे दिन ले आए।”
लालू ने मोदी पर प्रधानमंत्री पद की गरिमा गिराने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी के सत्ता में आने के बाद कट्टरता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बिहार में मिला जनादेश मोदी के खिलाफ है और यह मोदी के विरोध के लिए मिला है।
मोदी की विदेश यात्राओं पर लालू ने कहा कि प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर ‘मोदी-मोदी’ का नारा लगावाते हैं, परंतु देश हित में कुछ काम नहीं कर रहे। लालू ने दोहराया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनने जा रही है, वह किसी पार्टी की नहीं बल्कि महागठबंधन की सरकार होगी तथा विकास का कार्य करेगी।
dharmpath.com dharmpath