नीतीश मेरे लिए सर्वाधिक सम्मानीय नेता : शत्रुघ्न (लीड-1)

पटना, 9 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सोमवार को कहा कि दिवंगत कम्युनिस्ट नेता ज्योति बसु के बाद नीतीश कुमार उनके लिए सर्वाधिक सम्मानीय और आदरणीय नेता हैं।

सिन्हा सोमवार को पटना पहुंचे और उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत पर बधाई दी।

सिन्हा ने कहा कि पार्टी में हार की समीक्षा होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

सिन्हा ने नीतीश कुमार के आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें महागठबंधन की जीत की बधाई दी और नई सरकार की शुभकामना दी।

नीतीश के आवास से बाहर निकले सिन्हा ने कहा, “पटना साहिब के सांसद होने के कारण मुख्यमंत्री की जीत पर बधाई देने आया था।”

उन्होंने कहा, “पारिवारिक रिश्ते को राजनीति के तराजू पर नहीं तौलना चाहिए। नीतीश से दोस्ताना और पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं।”

भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा हार के लिए जिम्मेदार माने जाने के प्रश्न पर सिन्हा ने कहा, “मैंने तो अब तक ऐसा कुछ नहीं किया हूं। प्रारंभ से ही मैं पार्टी के लिए वफादार रहा हूं। भाजपा का दुश्मन नहीं हूं।”

पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिन्हा ने कहा कि नीतीश की जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी है। इसे ‘गेम स्प्रीट’ की तरह देखना चाहिए।

उन्होंने नीतीश की तारीफ करते हुए कहा कि इस चुनाव में नीतीश को जनता का भरपूर प्यार मिला है। नीतीश बिहार में विधि-व्यवस्था, कुशल नेतृत्व, सुशासन के रूप में सफल मुख्यमंत्री रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर सिन्हा अपनी ही पार्टी पर निशाना साधते रहे हैं। चुनाव प्रचार के लिए सिन्हा का नाम स्टार प्रचारक की सूची में शामिल था, परंतु वह प्रचार अभियान में शामिल नहीं हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493