दिवाली उत्सव के लिए बिहार सजधज कर तैयार

पटना, 11 नवंबर (आईएएनएस)। प्रकाश पर्व दिवाली मनाने के लिए राजधनी पटना समेत पूरा बिहार सजधज कर तैयार हो गया है। राज्य में रोशनी के पर्व को लेकर किसी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं वहीं अस्पतालों में भी इलाज के लिए चिकित्सकों को अलर्ट कर दिया गया है।

राज्य में बुधवार को दिवाली मनाने के लिए लोगों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। प्रशासन भी दिवाली को लेकर चौकस है। राज्य में पुलिस को सतर्क कर दिया गया है तथा संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज करने का निर्देश दिए गए हैं।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया कि थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति संवेदनशील स्थानों पर करने को कहा गया है।

इधर, अस्पतालों में भी चिकित्सकों को मुस्तैद किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बिहार के सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। विभाग ने सभी सिविल सर्जनों और अस्पताल अधीक्षकों को पत्र लिखकर सभी चिकित्सकों की छुट्टी रद्द करने का निर्देश जारी किया है।

पटना के सिविल सर्जन डॉ़ गिरिन्द्र शेखर सिंह ने बताया कि जिला अस्पतालों में दिवाली की रात आपात सुविधा की व्यवस्था की गई है तथा दवाइयों के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

अग्निशमन केंद्रों को भी सतर्क कर दिया गया है। सभी दमकल केंद्रों को तैयार रहने और सूचना पर तुरंत कारवाई करने का निर्देश दिया गया है।

पटना में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए भी आवश्यक तैयारी की गई है। एक अधिकारी के मुताबिक पटना के सभी डिवीजनों में स्पेशल कंट्रोल रूम बनाया गया है। ब्रेकडाउन होने की स्थिति में सूचना मिलने पर तत्काल पहुंचकर मरम्मत करने के लिए अलग टीम बनाई गई है।

इधर, धन की देवी मां लक्ष्मी के स्वागत में पटना सहित अन्य शहरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। लगभग सभी शहर बिजली के रंग-बिरंगे बल्बों से जगमग कर रहा है जबकि कई जगह फूलों से सजावट की गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493