ऑल स्टार्स सीरीज : सचिन की टीम पर भारी पड़े वार्न के वॉरियर्स (लीड-1)

ह्यूस्टन, 12 नवंबर (आईएएनएस)। शेन वार्न कप्तानी में खेल रही वार्न्‍स वॉरियर्स टीम ने कुमार संगकारा के तूफानी 70 रनों की बदौलत बुधवार को खेले गए दूसरे टी-20 मैच में सचिन्स ब्लास्टर्स को 57 रनों से हराकर तीन मैचों की क्रिकेट ऑल स्टार्स सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

मिनट मेड पार्क में खेले गए इस मैच में वार्न की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 262 रन बनाए।

इसमें माइकल वॉन के 30, मैथ्यू हेडन के 32, जैक्स कैलिस के 45, कुमार संगकारा के 70, रिकी पोंटिग के 41, एंड्रयू सायमंड्स के नाबाद 19 और जोंटी रोड्स के नाबाद 18 रन शामिल हैं।

मैन ऑफ द मैच चुने गए संगकारा ने 30 गेंदों पर छह चौके और इतने ही छक्के लगाए। पोंटिग ने 16 गेंदों की पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए जबकि कैलिस ने 23 गेंदों पर चार छक्के और तीन चौके लगाए।

सचिन की टीम की ओर से लांस क्लूजनर ने तीन ओवरों में 45 रन देकर दो विकेट लिए जबकि ग्लेम मैक्ग्राथ, ग्रीम स्वान और वीरेंद्र सहवाग को एक-एक सफलता मिली।

जवाब में खेलने उतरी सचिन की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी। शॉन पोलाक ने 22 गेंदों पर दो चौकों और सात छक्कों की मदद से सबसे अधिक 55 रन बनाए। सचिन ने 20 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 33 रनों की पारी खेली।

सायमंड्स ने चार विकेट लिए। पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले सहवाग 16 रन बना सके जबकि पहली बार इस सीरीज में खेल रहे सौरव गांगुली ने 12 रन बनाए। ब्रायन लारा ने 19, माहेला जयवर्धने ने पांच और क्लूजनर ने 21 रन बनाए। स्वान 22 रनों पर नाबाद लौटे।

सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 14 नवम्बर को लास एंजेलिस के डॉजर स्टेडियम में खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493