जम्मू में सेना ने 37 एकड़ जमीन किसानों को सौंपी

जम्मू, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना ने शुक्रवार को जम्मू जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के करीब 37 एकड़ से ज्यादा भूमि को बारूदी सुरंगों से मुक्त कर स्थानीय किसानों के सुपुर्द कर दिया।

एक रक्षा प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, “हमने एलओसी के अखनूर सेक्टर की कृषि योग्य 296 कनाल (37 एकड़) जमीन किसानों को सौंपने का फैसला किया।”

प्रवक्ता ने कहा, “सर्वप्रथम इलाके से सभी बारूदी सुरंगों का सफाया किया गया। उसके बाद इसे वास्तविक मालिकों को सौंपा जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि जमीन को किसानों के सुपुर्द करने से पहले नियंत्रण रेखा पर धार क्रॉसिंग पर कई परीक्षण कराए गए थे।

भारतीय सेना ने 1999 में करगिल युद्ध के दौरान जमीन के इस हिस्से पर बारूदी सुरंग बिछाई थी और उसके बाद से ही किसानों को इस जमीन पर खेती करने या वहां कदम रखने की मनाही थी।

प्रवक्ता ने बताया कि सेना निकट भविष्य में कई और इलाकों से बारूदी सुरंगों का सफाया करने के बाद उसे स्थानीय नागरिकों के हवाले करने जा रही है।

जमीन की सुपुर्दगी के कागजात सौंपे जाने के दौरान जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट सिमरनदीप सिंह और मुख्यालय के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), 10 इन्फ्रैंट्री डिविजन, मेजर जनरल कुलप्रीत सिंह मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493