नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। टारगेट ओलम्पिक पोडियम (टॉप्स) योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल विकास कोष (एनएसडीएफ) से ओलम्पिक 2016 की तैयारी के रूप में प्रशिक्षण के लिए वित्तीय सहायता देने हेतु टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना का चयन किया गया है।
विशिष्ट प्रशिक्षण के लिए उन्हें 60 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने निजी कोच और शारीरिक प्रशिक्षक की सेवाएं लेने के लिए वित्तीय मदद देने का अनुरोध किया था। यह देखा गया कि रोहन बोपन्ना निजी कोच के रूप में स्कॉट डेविडॉफ और शारीरिक प्रशिक्षक के तौर पर यश आर. पांडेय की सेवाएं लेना चाहते हैं।
युवा मामले और खेल मंत्रालय ने कोचिंग शुल्क के लिए 3000 अमेरीकी डॉलर प्रति सप्ताह और शारीरिक प्रशिक्षक के लिए 2000 अमेरीकी डॉलर प्रति सप्ताह भुगतान करने के बोपन्ना के अनुरोध को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है।
यह देखा गया है कि रोहन बोपन्ना नियमित रूप से प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं इसलिए माना जाता है कि वे लगातार प्रशिक्षण नहीं ले पाएंगे। अत: रोहन बोपन्ना को वास्तविक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रस्तुत करने की आवश्यकता है।
प्रशिक्षण के वास्तविक कार्यक्रम की जानकारी से संबद्ध कागजातों के साथ मिलने के बाद 30 लाख रुपये (रोहन बोपन्ना के बजट आवंटन का 50 प्रतिशत) तक की वित्तीय मदद किश्तों में जारी की जाएगी। युगल तथा मिश्रित युगल में उनके जोड़ीदार के चयन के बाद बकाया राशि दी जाएगी।
dharmpath.com dharmpath