पेरिस, 14 नवंबर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) ने लगभग सर्वसम्मति से रूस को सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से निलंबित करने का फैसला किया है।
रूस को पिछले सप्ताह विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) द्वारा किए गए खुलासे के कारण निलंबित किया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, आईएएएफ ने शुक्रवार को कहा , “आईएएएफ ने इससे पहले ऑल रशिया एथलेटिक फेडरेशन (एआरएएफ) को अपने सदस्य के तौर पर तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया।”
लंदन में आईएएएफ अध्यक्ष सेबेस्टियन कोए के साथ हुई बैठक में कुल 24 परिषद के सदस्यों ने हिस्सा लिया। रूस इस मतदान प्रक्रिया में शामिल नहीं था, इसलिए 22 सदस्यों ने रूस को निलंबित करने के पक्ष में मतदान किया।
रूस को निलंबित करने से संबंधित सभी प्रक्रियाएं अगले सप्ताह हो सकती हैं, जब अनुशासनात्मक पैनल द्वारा अस्थायी निलंबन को लगभग स्थायी कर दिया जाएगा।
निलंबित होने की वजह से रूस के सभी एथलीट और समर्थक दल ओलंपिक खेलों और विशव एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं सहित किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
इस कारण यह भी सुनिश्चित है कि रूस 2016 वर्ल्ड रेस वॉकिग टीम चैम्पियनशिप और 2016 वर्ल्ड जूनियर चैम्पियनशिप की मेजबानी नहीं कर पाएगा।
dharmpath.com dharmpath