नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि देश में चल रहे असहिष्णु माहौल के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिम्मेदार हैं।
राहुल ने कहा कि पूरे देश को एक ही रंग में नहीं रंगा जा सकता।
राहुल ने इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर आयोजित एक समारोह के दौरान कहा, “भाजपा और आरएसएस चाहते हैं कि सभी एक ही राग अलापें। वे तस्वीर को एक ही रंग में रंगना चाहते हैं, जो हमारे देश की प्रकृति के कारण संभव नहीं है।”
राहुल ने कहा, “भाजपा और आरएसएस को लगता है कि उन्हें सबकुछ पता है और उन्हें खुद पर सवाल किया जाना पसंद नहीं है, लेकिन सच्चाई यह है कि अगर उन्हें सबकुछ पता होता तो अब तक अच्छे दिन आ गए होते।”
राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी आलोचना की और कहा कि अगर इस समय देश में सहिष्णुता का माहौल होता तो लंदन में उनसे इन बातों पर सवाल नहीं पूछे जाते।
dharmpath.com dharmpath