एंटाल्या (तुर्की), 15 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन की तीन दिवसीय यात्रा के बाद जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को तुर्की के एंटाल्या पहुंच गए।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के तुर्की पहुंचने के बाद ट्वीट कर बताया, “ब्रिटेन की सफल द्विपक्षीय यात्रा के बाद यह समय तुर्की में जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने का है।”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर बताया, “मरहबा एंटाल्या! प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दूसरे चरण के तहत जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए तुर्की पहुंच गए हैं।”
जी20 में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन, जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के पहुंचने की उम्मीद है।
फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने पेरिस में शुक्रवार रात हुए आतंकवादी हमलों के बाद जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए तुर्की की अपनी यात्रा रद्द कर दी है।
भारत, फ्रांस, अमेरिका, तुर्की के अलावा जी20 देशों में अर्जेटीना, आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, ब्राजील, कनाडा, चीन, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ शामिल है।
dharmpath.com dharmpath