चीन ओपन खिताब की रक्षा नहीं कर सकीं सायना (लीड-2)

फुझोउ (चीन), 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल रविवार को चीन ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर टूर्नामेंट के एकल वर्ग के फाइनल में हार गईं।

मौजूदा चैम्पियन और शीर्ष वरीय सायना को चीन की ली जुइरेई ने 21-12, 21-15 से हराया। यह मैच 39 मिनट चला।

पूर्व विश्व चैम्पियन जुइरेई और सायना के बीच यह 12वां मुकाबला था। 10 बार जुइरेई विजयी रही हैं।

पहला गेम आसानी से गंवाने के बाद सायना ने हालांकि दूसरे गेम में जोरदार वापसी की थी।

दूसरे गेम के मध्यांतर तक वह 11-6 से आगे थीं लेकिन इसके बाद जुइरेई ने वापसी की। सायना मध्यांतर के बाद सिर्फ चार अंक जुटा सकीं जबकि जुइरेई ने 15 अंक जुटाते हुए मैच अपने नाम किया।

बीते छह मैचों से सायना लगातार जुइरेई के हाथों हारी हैं। सायना ने अंतिम बार जुइरेई को 2012 में हराया था।

सायना ने शनिवार को हुए सेमीफाइनल मैच में चीन की यिहान वांग को 41 मिनट में 21-13, 21-18 से हराया था।

दूसरी ओर, जुइरेई ने सेमीफाइनल में अपने ही देश की शिजियान वांग को 21-14, 21-5 से हराया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493