दिल्ली : उप-राज्यपाल ने की सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा (लीड-1)

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को उप-राज्यपाल ने सुरक्षा इंतजामात की समीक्षा की। पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों के मद्देनजर देश में अहम जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दिल्ली के उप-राज्यपाल नजीब जंग ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा इंतजामात की समीक्षा के लिए हुई बैठक में सुरक्षा बलों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए तथा सार्वजनिक स्थलों पर अधिक संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के लिए कहा।

सुरक्षा समीक्षा बैठक के बाद नजीब जंग ने कहा, “मैंने सभी पुलिस थानों को अपने-अपने इलाकों में अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं, साथ ही जांच चौकियों और बाजार, होटल, मॉल, हवाईअड्डे और रेलवे स्टेशनों सहित सभी संवेदनशील सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के लिए कहा है।”

बैठक में आयुक्त स्तर के सभी पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा, खुफिया शाखा और आतंकवादी हमलों के खिलाफ विशेष तौर पर प्रशिक्षित और विशेष शाखा को भी उप-राज्यपाल के दिशानिर्देशों से अवगत करा दिया गया है।

पेरिस हमले के बाद दिल्ली में शनिवार को सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए, खासकर फ्रांस दूतावास के आस-पास के इलाकों और सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

राष्ट्रीय राजधानी का चाणक्यपुरी राजनयिक परिक्षेत्र दुर्ग में तब्दील हो चुका है और इसके अलावा इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा, प्रमुख रेलवे स्टेशन और अहम बस अड्डे और मेट्रो रेल पर सुरक्षा बंदोबस्त बेहद कड़े कर दिए गए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से निपटने के लिए सभी उपयुक्त उपाय अपनाए गए हैं तथा चौबीसों घंटे सतर्क रहने के लिए कहा गया है।”

पेरिस में शुक्रवार को हुए श्रृंखलाबद्ध आतंकवादी हमले में कम से कम 129 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493