पटना, 16 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर पटना के सर्कुलर रोड स्थित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पूरी तरह से भक्ति में डूबे हुए हैं।
सात, सर्कुलर रोड स्थित नीतीश के आवास पर जहां छठ पर्व के गीत गूंज रहे हैं, वहीं 10, सर्कुलर रोड स्थित लालू और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर बाहर से आए परिजनों का तांता लगा हुआ है।
नीतीश का सरकारी आवास छठ की भक्ति में पूरी तरह डूबा नजर आ रहा है। रविवार को नहाय-खाय के साथ ही इस महापर्व की विधिवत शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री के बड़े भाई सतीश कुमार की पत्नी गीता देवी छठ का व्रत कर रही हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में ही छोटा सा तालाब भी बनाया गया है।
जनता दल (युनाइटेड) के एक नेता की मानें तो छठव्रती मंगलवार को इसी तालाब में सायंकालीन तथा बुधवार को प्रात:कालीन भगवान भास्कर को अघ्र्य देंगी।
नहाय-खाय के मौके पर नीतीश, पार्टी के कई करीबी नेताओं और मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत के बाद राजद नेता लालू प्रसाद का सरकारी आवास भी महापर्व छठ के मौके पर भक्तिमय बना हुआ है।
राजद के एक नेता ने बताया कि लालू और राबड़ी की सभी बेटियां भी इस अवसर पर यहां पहुंची हैं। लालू के छोटे दामाद और सांसद तेज प्रताप यादव भी पहली बार अपने ससुराल में छठ पूजा में भाग ले रहे हैं।
राजद अध्यक्ष के एक निकटवर्ती मित्र ने बताया, “राबड़ी जहां खुद प्रसाद बनाने में व्यस्त हैं, वहीं लालू राजनीतिक कार्यो में व्यस्त हैं। वह बाहर से आए लोगों से मिल रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath