अटारी (पंजाब), 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारत, पाकिस्तान सीमा पर अटारी स्थित संयुक्त जांच चौकी के सुरक्षा द्वार में सोमवार तड़के एसयूवी वाहन घुसाने और दोनों देशों के बीच अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर शून्य रेखा पर पहुंचने के लिए एक अनिवासी भारतीय को हिरासत में ले लिया गया है।
अनिवासी भारतीय सुरिंदर सिंह कंग को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब उसने तड़के लगभग 3.30 बजे अपना वाहन प्रथम गेट में घुसा दिया और उसके बाद अंतर्राष्ट्रीय सीमा की ओर लगभग 800 मीटर पर स्थित अगले गेट तक पहुंच गया। उसके बाद उसने दूसरे गेट में अपना वाहन घुसा दिया।
वाहन सीमा पर पाकिस्तानी गेट पर जाकर रुका।
सुरक्षा एजेंसियों ने उससे पूछताछ की और बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया। अनिवासी को भारतीय दंड संहिता आईपीसी की धारा 307 हत्या का प्रयास और अन्य आरोपों में निरुद्ध किया गया है।
अनिवासी की उम्र लगभग 50 वर्ष है और उसके पास कनाडा की नागरिकता है। वह जालंधर जिले के नकोदर इलाके से संबंध रखता है।
इलाके में स्थित बीएसएफ के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “उस समय सभी गेट बंद थे। यह सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है कि वह शून्य रेखा तक पहुंच गया। घटना की जांच की जा रही है।”
अटारी-वाघा संयुक्त जांच चौकी सिखों के पवित्र शहर अमृतसर से 30 किलोमीटर दूर स्थित है। इस चौकी से वाघा 20 किलोमीटर दूर है, जो पाकिस्तान की तरफ है।
dharmpath.com dharmpath