भाजपा संगठनात्मक चुनाव तय समय पर होंगे : ओम माथुर

लखनऊ, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर ने सोमवार को कहा कि संगठन में तय समय सीमा के भीतर ही संगठनात्मक चुनाव करा लिए जाएंगे। बैठक में ओम माथुर के साथ सभी सह प्रभारी भी मौजूद थे।

बैठक में हिस्सा लेने के बाद ओम माथुर ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई है। तय समय सीमा के भीतर संगठन संरचना के कार्य संपन्न कराए जाएंगे।

सूबे की समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए माथुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेटियां अपनी अस्मत बचाने के लिए जान दे रही हैं। इसको लेकर पार्टी सड़क पर उतरेगी।

उन्होंने कहा कि बदहाल कानून-व्यवस्था राज्य की हकीकत है। विकास के दावे हो रहे हैं, लेकिन सपा सरकार स्वीकृत बजट का पैसा भी नहीं खर्च कर पा रही है। जब पैसा ही नहीं खर्च कर पा रहे हैं तो विकास कैसे हो रहा है।

पार्टी मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी की अध्यक्षता में प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, राष्ट्रीय सहमहामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश, प्रदेश के सहप्रभारी रामवीर सिंह विधूड़ी, रामेश्वर चौरसिया, सत्येंद्र कुशवाहा, वीरेंद्र खटिक व सुनील ओझा की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो रहा है। उम्मीद की जा रही है कि संगठनात्मक चुनाव से पहले ही राज्य में नए अध्यक्ष का ऐलान हो जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493