श्रीनगर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के बांदिपोरा जिले में एक आतंकवादी को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान चार लोगों को प्रताड़ित किए जाने के आरोप के बाद सोमवार को व्यापक विरोध-प्रदर्शन भड़क उठा।
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर लोगों का हुजूम जमा हो गया और प्रदर्शनकारियों ने घटना की जांच की मांग की।
श्रीनगर से 70 किलोमीटर उत्तर स्थित चंतीमुल्ला गांव में कुछ प्रदर्शनकारियों ने एक सैन्य शिविर पर पथराव भी किया।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इलाके में हालांकि प्रदर्शन जारी रहा।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि एक महिला सहित चार लोगों को सुरक्षा बलों ने प्रताड़ित किया। चारों को बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने कहा कि उसने आरोप की पुष्टि के लिए एक जांच दल को गांव में भेजा है।
dharmpath.com dharmpath