साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार अर्पण समारोह बुधवार को

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। वर्ष 2015 का साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार बुधवार को यहां आयोजित एक समारोह में प्रदान किया जाएगा। प्रख्यात मराठी लेखक विश्वास पाटील इस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

अकादमी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, समारोह में 23 भारतीय भाषाओं के युवा लेखकों को वर्ष 2015 के लिए युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष कश्मीरी भाषा के लिए किसी को उपयुक्त नहीं पाया गया था।

बयान में कहा गया है कि साहित्य अकादमी के अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद तिवारी युवा लेखकों को पुरस्कार प्रदान करेंगे तथा अकादमी के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर कंबार समापन वक्तव्य देंगे।

बयान के अनुसार, अगले दिन गुरुवार को सभी युवा पुरस्कार विजेता अपने रचनात्मक अनुभव साझा करेंगे।

इस विशेष अवसर पर ‘आविष्कार’ कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत युवा लेखक उत्सव का भी आयोजन 19-20 नवंबर 2015 को किया जा रहा है।

बयान के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रख्यात हिंदी कथाकार चंद्रकांता सायं 4.00 बजे करेंगी। इस कार्यक्रम में 22 भारतीय भाषाओं के युवा रचनाकार अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे तथा प्रख्यात साहित्यकार अरुण कमल, हुमरा कुरैशी और राहुल सैनी विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता करेंगे।

बयान के अनुसार, युवा पुरस्कार 2015 इस बार हिंदी के लिए इंदिरा दांगी, उर्दू के लिए अमीर इमाम, मराठी के लिए वीरा राठौड़, मैथिली के लिए नारायण झा, बांग्ला के लिए सुदीप चक्रवर्ती, अंग्रेजी के लिए हांसदा सौभेंद्र शेखर आदि को दिए जा रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493