शिवाजी पार्क में बनेगा बाल ठाकरे का स्मारक

मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे का भव्य स्मारक दादर के शिवाजी पार्क में स्थित मुंबई के महापौर के बंगले में बनाया जाएगा। यह घोषणा मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने की।

घोषणा मंगलवार को बाल ठाकरे की तीसरी बरसी पर एक संयुक्त मीडिया ब्रीफिंग में फडणवीस और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शिवाजी पार्क में की।

इस मौके पर उद्धव ने कहा, “कई जगह देखी गई थीऔर स्मारक के लिए सभी जगह बढ़िया थी, लेकिन शिवाजी पार्क शिवसेना की कर्मभूमि है और इसलिए हमने यहां स्थित महापौर के बंगले में ठाकरे स्मारक बनाने को स्वीकृति दे दी है।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि स्मारक का निर्माण एक संस्था के जरिए करवाया जाएगा। इस संस्था की अध्यक्षता उद्धव ठाकरे करेंगे और इसके लिए धनराशि राज्य सरकार आवंटित करेगी।

फडणवीस ने कहा, “स्मारक संबंधी विस्तृत योजना दो माह के अंदर तैयार की जाएगी। इसका निर्माण कार्य पूरा करने के लिए हालांकि कोई समयसीमा तय नहीं की गई है, लेकिन हमें उम्मीद है कि यह हमारी सरकार के शासनकाल में एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा।”

उन्होंने कहा कि महापौर के बंगले को तोड़ा नहीं जाएगा। ठाकरे स्मारक बंगले के इर्दगिर्द बनाया जाएगा।

ठाकरे का 17 नवंबर, 2012 को निधन हो गया था।

शिवाजी पार्क में सचिन तेंदुलकर, संदीप पाटिल, अजीत वाडेकर, अजीत अगरकर और अन्य जाने-माने भारतीय क्रिकेटर क्रिकेट खेल चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493