नीतीश का शपथ ग्रहण समारोह कल, दिग्गजों को निमंत्रण

पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। नीतीश कुमार शुक्रवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में नौ राज्यों के मुख्यमंत्री सहित कई राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह को लेकर गांधी मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

जनता दल (युनाइटेड) के एक नेता की मानें तो शपथ ग्रहण समारोह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ. इबोबी सिंह, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस. सिद्धारमैया, सिक्किम के मुख्यमंत्री पी. के. चामलिंग और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री नबम तुकी शामिल होंगे।

जद (यू) के महासचिव के. सी. त्यागी ने बताया, “यह खुशी का मौका है। ऐसे समारोहों में अन्य दलों के बड़े नेताओं को आमंत्रित करने का चलन है। इसी के तहत दूसरे दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसमें ज्यादा राजनीति नहीं देखनी चाहिए।”

इसके अलावा इसमें पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह भी शिरकत करेंगे।

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छतीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के भी इस समारोह में भाग लेने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत के बाद महागठबंधन के नवनिर्वाचित विधायकों ने नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना है।

इधर, नीतीश के शपथ ग्रहण समाारोह को लेकर गांधी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधी मैदान में 5,000 जवानों की तैनाती की गई है। मैदान के आसपास की ऊंची इमारतों पर भी पुलिसबल को तैनात किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493