गोल्फ : मनीला मास्टर्स में रंधावा संयुक्त चौथे स्थान पर

मनीला, 19 नवंबर (आईएएनएस)। अनुभवी भारतीय गोल्फ खिलाड़ी ज्योति रंधावा ने गुरुवार को 10 लाख डॉलर इनामी राशि वाले रेसॉर्ट्स वर्ल्ड मनीला मास्टर्स के पहले दौर में चार अंडर 68 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया।

मलेशिया के निकोलस फुंग छह अंडर 66 के स्कोर के साथ शीर्ष पर हैं।

एशियन टूर के पूर्व चैम्पियन रंधावा ने पहले, सातवें, आठवें, 15वें, 16वें और 18वें होल पर बर्डी लगाए, हालांकि चौथे और 13वें होल पर वह दो बोगी भी लगा बैठे।

मनीला साउथवुड्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब में चल रहे टूर्नामेंट के पहले दिन रंधावा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे।

रंधावा ने पहले दौर के बाद कहा, “मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैंने पिछले सप्ताह भी अच्छा प्रदर्शन किया था और उससे मिला आत्मविश्वास इस सप्ताह भी मेरे साथ है। मेरे खयाल से पिछले सप्ताह मेरे पास अच्छा अवसर था, क्योंकि मैंने वहां कहीं बेहतर प्रदर्शन किया था।”

रंधावा ने कहा, “सुबह हवा थोड़ी तेज थी और इन परिस्थिति में चार अंडर स्कोर कर मैं खुश हूं। मैं कुछ और पुट हासिल कर सकता था, लेकिन दोपहार के बाद ग्रीन इलाका थोड़ा सख्त हो गया था।”

अन्य भारतीय खिलाड़ियों में एस. एस. पी. चौरसिया ने 70 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से 27वां स्थान हासिल किया, जबकि कपिल कुमार (71) संयुक्त रूप से 40वें स्थान पर रहे।

राहिल गंगजी ने पार 72, शिव कपूर और खलिन जोशी ने समान रूप से 73, राशिद खान ने 76 और हिम्मत राय ने 77 का स्कोर किया।

गत चैम्पियन सिंगापुर के मारडान मामट अंतिम तीन होल पर बर्डी लगाते हुए 74 का स्कोर बनाने में सफल रहे और हाफवे कट में खुद को कायम रखा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493