गया, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के नक्सल प्रभावित गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र से पुलिस ने गुरुवार को प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के स्वयंभू जोनल कमांडर कृष्णा यादव उर्फ कौशल यादव को गिरफ्तार किया।
गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बाराचट्टी क्षेत्र से कौशल यादव को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक रायफल और कई गोली बरामद किए गए हैं। पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता बताते हुए उन्होंने कहा कि गिरफ्तार नक्सली कौशल संगठन के आर्मी दस्ता का प्रमुख था।
महाराज के मुताबिक, कौशल पर बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में 36 से ज्यादा नक्सली मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार नक्सली से पुलिस पूछताछ कर रही है तथा उसकी निशानदेही पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
कौशल गया के देवनिया गांव का निवासी बताया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath