कुआलालंपुर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के शीर्ष पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत और राष्ट्रमंडल चैम्पियन पारुपल्ली कश्यप गुरुवार को जारी बैडमिंटन विश्व रैंकिंग में दो-दो स्थान फिसलकर क्रमश: सातवें और 15वें पायदान पर पहुंच गए।
श्रीकांत का प्रदर्शन हाल ही में हुए चीन ओपन और हांगकांग ओपन में बेहद खराब रहा, जबकि कश्यप पिछले दो सप्ताह से प्रतिस्पर्धी बैडमिंटन से बाहर चल रहे हैं।
भारत के एच. एस. प्रनॉय हालांकि दो स्थान उठते हुए 19वें पायदान पर पहुंच गए, जबकि अजय जयराम एक स्थान के फायदे के साथ 24वें स्थान पर पहुंच गए।
विश्व रैंकिंग में एकबार फिर चीनी खिलाड़ियों का दबदबा कायम है। चीन ओपन विजेता मलेशिया के ली चोंग वेई तीन स्थान ऊपर छठे स्थान पर पहुंच गए।
महिला एकल वर्ग में दो बार विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकीं पी. वी. सिंधु को एक स्थान का फायदा हुआ है। वह 12वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि देश की शीर्ष खिलाड़ी सायना नेहवाल दूसरे पायदान पर बरकरार हैं।
मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन चीन की ली जुईरेई तीन स्थान के फायदे के साथ चौथे पायदान पर पहुंच गईं।
ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की शीर्ष भारतीय जोड़ी हालांकि एक स्थान फिसल गई और वे 13वें पायदान पर पहुंच गईं।
dharmpath.com dharmpath