मुंबई, 19 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शीना बोरा हत्याकांड में स्टार इंडिया के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीटर मुखर्जी को गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
शीना हत्याकांड में तीनों मुख्य आरोपियों में से एक इंद्राणी मुखर्जी के पति पीटर को सीबीआई के एक दल ने उनके वर्ली स्थित घर से उन्हें उठाया और दक्षिण मुंबई के सीबीआई कार्यालय ले गई।
सीबीआई के एक सूत्र ने दिल्ली में आईएएनएस से कहा, “शीना बोरा हत्याकांड में सीबीआई ने आज (गुरुवार) पीटर मुखर्जी को गिरफ्तार कर लिया। आगे जांच जारी है।”
वर्तमान में इंद्राणी अपने पूर्व पति संजीव खन्ना व पूर्व ड्राइवर श्यामवर राय के साथ सीबीआई की हिरासत में है।
सीबीआई ने गुरुवार सुबह इंद्राणी, खन्ना व राय के खिलाफ मुंबई दंडाधिकारी की अदालत में एक आरोप पत्र दाखिल किया।
dharmpath.com dharmpath