पणजी, 20 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) फिल्मों की शूटिंग की मंजूरी के लिए नौकरशाही के सभी माध्यमों और विभिन्न पड़ावों को खत्म करते हुए एक फिल्म सुविधा कार्यालय का संचालन करेगा।
एफडीसी को एकल खिड़की निस्तारण (सिंगल-विंडो क्लीयरेंस) सेवा बनाने की औपचारिक घोषणा यहां फिल्म बाजार में शनिवार को की जाएगी।
वार्षिक फिल्म बाजार का आयोजन 20-24 नवंबर को किया जाएगा।
एक बयान के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ फिल्म सुविधा कार्यालय का लोगो जारी करेंगे।
इसका उद्देश्य फिल्म निर्माण के लिए मंजूरी लेने के लिए सभी बाधाएं दूर करना, अंतर्राष्ट्रीय फिल्मकारों को आकर्षित करना और भारत को वैश्विक फिल्म निर्माण का गंतव्य बनाना है।
फिल्म सुविधा कार्यालय की जानकारी देने के लिए एनएफडीसी द्वारा आयोजित फिल्म बाजार में एक फिल्म पर्यटन संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा।
संगोष्ठी कुल मिलाकर देश में फिल्म पर्यटन की आर्थिक क्षमता का आकलन करेगी।
फिल्म बाजार के नौवें संस्करण का एक अन्य उद्देश्य भारत को फिल्म निर्माण के अनुकूल देश के रूप में विकसित करना और भारत में फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देना है।
एनएफडीसी इंडिया की प्रबंध निदेशक नीना लाल गुप्ता ने कहा, “हम फिल्मकारों की मुख्य परेशानियों खासतौर पर आउटडोर लोकेशन में आने वाली समस्याओं का समाधान करेंगे। भारत को फिल्म निर्माण के अनुकूल प्रचारित करने के लिए इस वर्ष हमने बाजार में इन क्षेत्रों में पहल की है।”
फिल्म बाजार में पहली बार फिल्म पर्यटन कार्यशालाएं, फिल्म पर्यटन संगोष्ठियां और भारत में फिल्म निर्माण सत्र आयोजित किए गए हैं।
भारत में फिल्म निर्माण के विशिष्ट सत्रों में प्रख्यात फिल्मकार भारत के विभिन्न राज्यों में फिल्म निर्माण के अपने अनुभव साझा करेंगे।
dharmpath.com dharmpath