लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित राज्य के कई जिलों में शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने के आसार जताए हैं।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, सुबह कोहरा छाया रहा। दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है।
लखनऊ के अलावा शनिवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री, कानपुर का 14 डिग्री, गोरखपुर का 15.2 डिग्री, झांसी का 16 डिग्री और इलाहाबाद का 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath