भारत में निवेश फायदेमंद : मोदी (लीड-1)

कुआलालंपुर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दुनियाभर के निवेशकों को भारत में निवेश के लिए आकर्षित करते हुए कहा कि देश की तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था से उन्हें लाभ होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत में इस समय आधार मजबूत हैं, निरंतर सुधार हो रहे हैं और देश निवेशकों का बाहें फैलाकर स्वागत करने के लिए तैयार है। ये परिस्थितियां यहां निवेशक करने के अनुकूल हैं।

अपने चार दिवसीय मलेशिया और सिंगापुर की यात्रा के पहले दिन आसियान व्यापार एवं निवेश शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “18 माह पूर्व राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सरकार में आने के बाद देश के आर्थिक हालात सुधरे हैं और आज प्रत्येक आर्थिक सूचकांक में भारत की स्थिति बेहतर है।”

उन्होंने कहा, “निश्चित तौर पर यह अचानक नहीं हुआ है, वह भी ऐसे में जबकि वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थिति इस वक्त ठीक नहीं है। यह सफलता शुरू की गई कई नीतियों का परिणाम है।”

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य सिर्फ सुधार नहीं है, बल्कि बदलाव के लिए सुधार है।

मोदी ने कहा, “आसियान के कई देशों ने एशिया के उत्थान के लिए काम किया है और अब भारत की बारी है। हम जानते हैं कि हमारा समय आ गया है।”

सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने अपने ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्किल इंडिया’ जैसे अभियानों का हवाला देते हुए कहा, “मैं आप सबको भारत आने और बदलती धारा को देखने आमंत्रण देता हूं।”

हाल ही में शुरू किए गए कई पहलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बीमा, रक्षा तथा रेलवे जैसे कुछ महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विदेशी निवेश और भी आसान हो गया है।

मोदी ने कहा, “हम विकास प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली बाधाओं को हटाने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने वैश्विक निवेशकों से कहा, “मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारत बौद्धिक संपदा अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम अपनी कर व्यवस्था को पारदर्शी और उम्मीद के मुताबिक बनाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि निवेशकों के कराधान से संबंधित मामलों का निपटारा जल्द से जल्द व निष्पक्ष तरीके से किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493