नामीबिया के विकेटकीपर बल्लेबाज सूर का निधन (लीड-1)

विंडहोएक (नामीबिया), 21 नवंबर (आईएएनएस)। नामीबिया के विकेटकीपर बल्लेबाज रेमंड वान सूर का निधन हो गया है। पांच दिन पहले 25 साल के सूर को एक मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ा था।

प्रांतीय मैच के दौरान जिस समय सूर को दिल का दौरा पड़ा था, उस समय वह 15 रनों पर बल्लेबाजी कर रहे थे। मैदान पर गिरने के बाद सूर को एम्बुलेंस में डालकर अस्पताल ले जाया गया था।

सूर पांच दिनों तक अस्पताल में रहे और इस दौरान उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। अस्पताल में ही स्कैन के दौरान पता चला कि सूर को दिल का दौरा पड़ा था।

हालात की गम्भीरता को देखते हुए बुधवार को सूर को आईसीयू में भर्ती किया गया था लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। शुक्रवार को उनके निधन का समाचार सार्वजनिक किया गया।

क्रिकेट नामीबिया के प्रमुख रिचर्ड फ्रैंकल ने सूर के निधन पर शोक जताते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

सूर नामीबिया की बल्लेबाजी क्रम के अहम किरदार थे। 2012 में सूर को आईसीसी टी-20 विश्व कप क्वालीफायर का मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। वह कई मौकों पर मैन ऑफ द मैच खिताब से नवाजे गए।

रिचर्ड ने कहा कि सूर की जगह कभी भरी नहीं जा सकेगी और उनका इंतकाल देश में क्रिकेट के लिए एक बड़ा नुकसान है।

सूर ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पांच शतकों के साथ कुल 4303 रन बनाए थे। उनका स्र्वोच्च व्यक्तिगत योग 157 था। यही नहीं उन्होंने 28 विकेट भी लिए थे।

सूर के भाई डैनी भी नामीबिया के लिए खेलते हैं। सूर तथा डैनी के पिता मेल्ट ने 2003 विश्व कप में अपने देश के लिए पांच मैच खेले थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493