बेल्जियम में आतंकवादी हमलों को लेकर हाई अलर्ट (राउंडअप)

ब्रसेल्स, 21 नवंबर (आईएएनएस)। बेल्जियम में आतंकवादी खतरों के मद्देनजर राजधानी ब्रसेल्स में अलर्ट का स्तर बढ़ा दिया गया है।

बीबीसी की एक रपट के मुताबिक, प्रधानमंत्री चार्ल्स माइकल ने शनिवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि पेरिस में 13 नवंबर को हुए आतंकवादी हमले जैसा हमला बेल्जियम में होने की सूचना मिलने के बाद यह फैसला लिया गया। पेरिस में हुए हमलों में 130 लोग मारे गए, जबकि 350 अन्य घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा, “विस्फोटकों से लैस कई सशस्त्र लोगों द्वार कई जगहों पर हमलों की आशंका है।”

इसे देखते हुए मेट्रो को रविवार तक के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों को भीड़ से बचने के लिए कहा गया है।

बेल्जियम के बाकी हिस्सों में अलर्ट का स्तर कम होगा, जो अभी भी गंभीर स्तर का है।

शनिवार को कैबिनेट की विशेष बैठक के लिए पहुंचे देश के गृह मंत्री जान जामबन ने कहा कि देश के हालात गंभीर हैं, लेकिन नियंत्रण में है।

द गार्जियन की एक रपट के मुताबिक, इसी बीच फ्रांस के अधिकारियों ने मुख्य संदिग्ध सलाह अब्देसलाम की तलाश सीमा पार जारी रखी है। सलाह के भाई ने पेरिस हमलों के दौरान खुद को उड़ा लिया था।

फ्रांस के गृह मंत्रालय ने कहा कि पुलिस द्वारा 793 संपत्तियों पर छापेमारी के दौरान, 90 लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही 174 हथियार, मादक पदार्थ व 2.5 लाख यूरो बरामद किया गया है।

फ्रांस की सरकार ने आपातकाल को और तीन महीनों के लिए बढ़ा दिया है।

यूरोपीय संघ (ईयू) के मंत्रियों ने कठोर नई सीमा नियंत्रण पर सहमति जताई है।

टेलीविजन चैनल आरटीबीएफ की एक रिपोर्ट के अनुसार, बेल्जियम में यह पहली बार है जब किसी क्षेत्र में अलर्ट का स्तर बढ़ाकर चार कर दिया गया है। इसका अर्थ यह है कि खतरा ‘गंभीर और करीब’ है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने आरटीबीएफ की रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि बेल्जियम की खतरा विश्लेषण समन्वय इकाई (ओसीएएम) ने खतरे को देखते हुए विशेष सुरक्षा उपायों और जनता के लिए जारी परामर्श को आवश्यक बताया है।

ओसीएएम ने लोगों को भीड़भाड़ स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही सभी की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने और अफवाहों का प्रसारण नहीं करने को कहा है।

ओसीएएम ने पिछले सप्ताह फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए आतंकवादी हमलों के बाद ब्रसेल्स से कई संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को देशभर में तीसरे स्तर का अलर्ट जारी किया था।

ओसीएएम के मुताबिक, तीसरे स्तर का अलर्ट पूरे देश में जारी रहेगा, जो खतरे की ‘आशंका’ के मद्देनजर लगाया जाता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493