ब्रसेल्स, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में आतंकवादी खतरे को लेकर सर्वोच्च स्तर की चेतावनी बनी हुई है।
‘बीबीसी’ की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात मध्य ब्रसेल्स खाली रहा। अलर्ट के कारण शाम छह बजे ही रेस्तरां और बार बंद हो गए।
नागरिकों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। मेट्रो सेवा के साथ-साथ सिनेमाघर, शॉपिंग मॉल्स, कैफे भी बंद हैं।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने कहा ‘काफी सटीक जानकारी’ मिली है कि ‘कुछ लोग हथियारों और विस्फोटों के साथ हमला कर सकते हैं।’
सुरक्षा बल के जवान पेरिस हमले के मुख्य संदिग्ध 26 वर्षीय सालेह अब्देसलाम की खोज कर रहे हैं, जिसका जन्म बेल्जियम में ही हुआ। माना जा रहा है कि उसने आत्मघाती बेल्ट बांध रखी है।
अब्देसलाम के दोस्तों ने ‘एबीसी न्यूज’ को बताया कि उनकी स्काइप पर उससे बात हुई है, जिसमें उसने बताया कि वह ब्रसेल्स में ही छिपा है और सीरिया जाने की कोशिश में है।
सूत्रों के अनुसार, ब्रसेल्स में रविवार को सरकार सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सकती है और आगे कदम उठा सकती है।
dharmpath.com dharmpath