भारत-मलेशिया में साइबर सुरक्षा, बुनियादी ढांचे पर समझौते

कुआलालंपुर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे के तीसरे दिन सोमवार को भारत और मलेशिया ने साइबर सुरक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

साइबर सुरक्षा समझौता इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी टीम (सीईआरटी-इन) और मलेशिया की साइबर सिक्योरिटी के बीच हुआ। वहीं, दोनों देशों के सांस्कृतिक मंत्रालयों ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम पर हस्ताक्षर किए। बुनियादी ढांचा विकास समझौता भारत के नीति आयोग और मलेशिया के परफॉरमेंस मैनेजमेंट एंड डिलिवरी यूनिट (पेमांदु) के बीच हुआ।

साइबर सुरक्षा समझौता साइबर सुरक्षा घटना प्रबंधन, प्रौद्योगिकी सहयोग, साइबर हमलों, प्रचलित नीतियों आदि से सरोकार रखने वाली सूचनाओं के आदान-प्रदान और इस क्षेत्र में निकट सहयोग को बढ़ावा देता है।

सांस्कृतिक आदान-प्रदान से संबंधित समझौते का उद्देश्य विभिन्न स्तरों पर संगोष्ठियों आदि में प्रतिनिधियों, मंडलियों, विद्वानों और विशेषज्ञों के शामिल होने के लिए उनके दौरों में सहयोग कर दोनों देशों की दोस्ती को मजबूत करना और उनके सांस्कृतिक आदान-प्रदान का विकास है।

बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित समझौते का उद्देश्य परफॉरमेंस मैनेजटमेंट, सार्वजनिक सेवा वितरण में वृद्धि के लिए सरकारी कार्यक्रमों से संबंधित निगरानी आदि क्षेत्रों को मजबूत बनाना, उनको बढ़ावा देना और उनके विकास में सहयोग करना है।

इन समझौतों पर मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजाक की अगुवाई में दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होने के बाद हस्ताक्षर हुए हैं।

मोदी अपने दक्षिण-पूर्वी एशियाई दौरे के दूसरे और आखिरी पड़ाव के लिए सोमवार को सिंगापुर के लिए रवाना होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493