बेहतरीन रहा यह वर्ष : बोपन्ना

लंदन, 23 नवंबर (आईएएनएस)। वर्ष के आखिरी प्रतिष्ठित टूर्नामेंट एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स में रविवार को फाइनल में हारने वाले भारत के शीर्ष टेनिस पुरुष खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने कहा है कि उनके लिए वर्ष 2015 बेहद शानदार रहा।

बोपन्ना रोमानिया के अपने जोड़ीदार फ्लोरीन मेर्गिया के साथ ओ2 अरेना में रविवार को हुए 70 लाख डॉलर इनामी राशि वाले एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के पुरुष युगल वर्ग के उप-विजेता रहे।

मैच के बाद बोपन्ना ने कहा, “यह एक कठिन दिन रहा। लेकिन कुल मिलाकर यह सप्ताह शानदार रहा और हम फाइनल तक पहुंचने में सफल रहे। हम पहली बार एटीपी फाइनल्स के फाइनल में पहुंचे हैं।”

बोपन्ना ने कहा, “अप्रैल से शुरू हुआ यह सत्र बेहतरीन रहा, क्योंकि हम वर्षात के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट एटीपी फाइनल्स में प्रवेश पाने में सफल रहे। मेरे खयाल से हम दोनों के लिए यह शानदार वर्ष रहा। हमने इस वर्ष अनेक सकारात्मक चीजें सीखीं, और अब हम जनवरी से अगले वर्ष की अच्छी शुरुआत करना चाहते हैं।”

बोपन्ना और मेर्गिया इसी वर्ष अप्रैल में साथ आए और पूरे वर्ष के दौरान उनकी जीत-हार का आंकड़ा 31-16 रहा तथा इस दौरान वे दो खिताब जीतने में सफल रहे, जबकि दो टूर्नामेंटों में उप-विजेता रहे।

मेर्गिया ने कहा, “वर्ल्ड टूर फाइनल्स में खिताब के लिए खेलना शानदार रहा। ऐसा पहली बार हुआ कि एटीपी फाइनल्स के फाइनल में रोमानिया के दो-दो खिलाड़ी पहुंचे हों। मेरे खयाल से हमारे लिए यह ऐतिहासिक वर्ष रहा।”

बोपन्ना-मेर्गिया की आठवीं वरीय जोड़ी को नीदरलैंड्स के ज्यां जुलियन रोजर और रोमानिया के होरिया टेकाऊ की दूसरी वरीय जोड़ी ने सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से हराया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493