नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में असम सरकार तथा युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और विद्रोही समूह के साथ जारी वार्ता में प्रगति की समीक्षा की।
गृह मंत्रालय के एक बयान के मुताबिक, “बातचीत सौहार्द्रपूर्ण रही। दोनों पक्षों ने शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए जल्द से जल्द फिर से मिलने पर सहमति जताई।”
बैठक के दौरान संगठन के अध्यक्ष अरविंद राजखोवा के नेतृत्व में उल्फा नेताओं ने बांग्लादेश से उल्फा नेता अनूप चेतिया के प्रत्यर्पण के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने केंद्र सरकार से जारी शांति प्रक्रिया में उनके (अनूप चेतिया) साथ सहयोग करने का आग्रह किया।
वहीं, गृह सचिव ने कहा कि संबंधित अधिकारियों द्वारा आग्रह की जांच करवाई जाएगी।
dharmpath.com dharmpath