हैदराबाद, 24 नवंबर (आईएएनएस)। सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने वारंगल लोकसभा सीट पर अपना कब्जा मंगलवार को बरकरार रखा। पार्टी ने इस सीट पर रिकॉर्ड 4.59 लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की है।
एक तरफा मुकाबले में टीआरएस के पासुनुरी दयाकर को कुल 6,15,403 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सार्वे सत्यनारायण को 1,56,315 मत मिले। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पी.देवैया को 1,30,178 मत मिले।
टीआरएस उम्मीदवार मंगलवार सुबह उपचुनाव की शुरू हुई मतगणना के शुरुआती चरणों में ही बढ़त बनाए हुए थे। सभी 22 दौर की गिनती के बाद अंतर 4.59 लाख से ऊपर पहुंच गया।
राज्य भर में टीआरएस खेमे में जश्न मनाया जा रहा है। पार्टी के मुख्यालय, तेलांगाना भवन में सभी कार्यकर्ता पटाखे फोड़ रहे हैं और जश्न मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री और टीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव के बेटे के.टी. रामाराव ने ट्वीट किया, “वारंगल को बहुत-बहुत धन्यवाद। आपने हमें अधिक और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित किया।”
मुख्यमंत्री की बेटी व सांसद के.कविता ने कहा कि इस विशाल जीत के साथ उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है।
चुनाव में कुल 23 उम्मीदवार मैदान में थे। कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एस. सत्यनारायण को चुनाव मैदान में उतारा था।
शनिवार को हुए उपचुनाव में 15 लाख में से करीब 69 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया। श्रीहरि को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद यह सीट खाली थी, जिसके कारण यहां उपचुनाव जरूरी हो गया था।
साल 2014 के चुनाव में श्रीहरि ने 3,92,513 लाख मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी।
dharmpath.com dharmpath