नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने देश में बढ़ती असहिष्णुता व सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की निंदा के लिए संसद में एक प्रस्ताव पारित करने की मांग बुधवार को की।
माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी ने इस मुद्दे पर दिया गया नोटिस स्वीकार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा, “देश में बढ़ रही असहिष्णुता व सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के मुद्दे पर मैंने एक नोटिस दिया था, जिसे राज्यसभा के सभापति ने स्वीकार कर लिया है।”
संसद परिसर में एक सर्वदलीय बैठक के बाद येचुरी ने कहा, “देश में बढ़ रही असहिष्णुता की निंदा के लिए सदन को एक प्रस्ताव पारित करना चाहिए। हम केंद्र सरकार से आग्रह करते हैं कि वह भड़काऊ भाषणों और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को रोकने के लिए कानून सम्मत कार्रवाई करे।”
येचुरी ने कहा, “सरकार ने कहा है कि वह ऐसे प्रस्ताव के लिए तैयार है, जिसे हर कोई स्वीकार करेगा। यदि वे इसे स्वीकार करते हैं, तो हमें कोई परेशानी नहीं है। यह सरकार के रुख पर निर्भर करता है..।”
वाम नेता ने कहा, “हम शीतकालीन सत्र के दौरान मूल्य वृद्धि, दाल की बढ़ती कीमतें, स्वच्छ भारत से संबंधित मुद्दे, तेल की कीमतें, औद्योगिक उत्पादन में कमी, कृषि से संबंधित मुद्दे तथा किसानों की खुदकुशी के मुद्दों को उठाएंगे। देश में सामाजिक न्याय के लिए हमने एक नए कानून का भी प्रस्ताव किया है।”
dharmpath.com dharmpath