लॉस एंजेलिस, 27 नवंबर (आईएएनएस)। ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ सीरीज की फिल्मों के लिए विशेष रूप से मशहूर दिवंगत हॉलीवुड अभिनेता पॉल वाकर की करीब दो साल पहले एक कार दुर्घटना में मौत के बाद उनके पिता ने कार निर्माता कंपनी पोर्शे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मुकदमा बुधवार को दर्ज कराया गया और इसकी जानकारी ‘वेबसाइट ईडब्ल्यू डॉट कॉम’ के हाथ लगी है। पॉल के पिता पॉल विलियम वाकर तृतीय का कहना है कि हादसे के दिन पॉल (40) जिस पोर्शे कैरेरा जीटी कार में सवार थे, उसमें उन सुरक्षा उपायों का अभाव था जिनके होने से अभिनेता की जान बच सकती थी। यही नहीं उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी जानती थी कि इस मॉडल में पूर्व में भी कई खामियां सामने आई थीं।
उन्होंने कंपनी से हर्जाना मांगा है।
मशहूर अभिनेता पॉल करीब दो साल पहले अपने दोस्त रोजर रोडास (38) के साथ पोर्शे कंपनी की कार से कहीं जा रहे थे। कार उनका दोस्त चला रहा था। उसी दौरान कैलिफोर्निया के सैंटा क्लैरिटा में कार बेकाबू होकर एक पेड़ से जा टकराई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath