नैरोबी, 27 नवंबर (आईएएनएस)। पोप फ्रांसिस ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि अफ्रीका का उनका मौजूदा दौरा सभी धर्मो के प्रति कैथोलिक चर्च के आदर को दर्शाएगा और विभिन्न धर्मो के बीच विश्वास को बढ़ावा देगा।
पोप फ्रांसिस ने शुक्रवार को अपने ट्विटर अकांउट पर लिखा, “ईश्वर करे अफ्रीका की मेरी यात्रा सभी धर्मो के प्रति गिरजाघर के आदर का एक संकेत बने और हमारी दोस्ती के रिश्ते को और मजबूत बनाए।”
पोप फ्रांसिस इस वक्त तीन देशों के दौरे पर हैं। इस क्रम में उन्होंने अपने पहले पड़ाव के दौरान केन्या में अन्य धर्मो और ईसाई संप्रदायों के धार्मिक नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि नफरत व हिंसा से भरी इस दुनिया में इन लोगों को ‘शांति दूत’ बनना चाहिए।
पोप फ्रांसिस ने केन्या में इस्लामिक आतंकवादी संगठन अल-शबाब द्वारा किए हमलों के संदर्भ में कहा कि ‘नफरत और हिंसा को सही साबित करने के लिए कभी ईश्वर के नाम का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।’
पोप फ्रांसिस इसके बाद युगांडा जाएंगे। वह रविवार को सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक (सीएआर) के लिए रवाना होंगे। सीएआर की राजधानी बंगुई में वह सोमवार को एक मस्जिद में जाएंगे, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath